नवम्बर 4, 2026 9:11 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की याद में निर्मित शहीद स्मारक का करेंगे लोकार्पण

गृह मंत्री अमित शाह कल अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों की स्मृति में निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री असीम गोयल ने आज अंबाला में एक पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्मारक का उद्घाटन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात वीरों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता और श्रद्धांजलि व्यक्त करने का ऐतिहासिक अवसर है।
 
श्री गोयल ने कहा कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से करीब 22 एकड़ क्षेत्र में निर्मित यह भव्य स्मारक हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। स्मारक में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किए गए हैं।
 
भाजपा नेता ने बताया कि स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया गया है।उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी इतिहास को केवल पुस्तकों में पढ़ेगी ही नहीं, बल्कि उसे प्रत्यक्ष रूप से अनुभव भी कर सकेगी।
 
उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अंबाला के गांधी ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले श्री अमित शाह करनाल में भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत सेक्टर 12 से मुग़ल कैनाल तक आयोजित पदयात्रा की अगुवाई करेंगे।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला