पंजाब के जालंधर में आज से नौवीं हीरो पुरुष हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 शुरू हो रही है। इस प्रतियोगिता में मेजबान भारत सहित मलेशिया, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पंजाब पहली बार पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन कर रहा है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह और लीग मैच आज से दो नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगें। लीग चरण का पहला मैच आज शाम भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले चार और पांच नवंबर को मोहाली के बलबीर सिंह अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आकाशवाणी के सभी रेनबो चैनलों और जालंधर के प्राथमिक चैनल पर भारतीय टीम के सभी मैचों के साथ-साथ सेमीफाइनल और फाइनल मैच का प्रसारण किया जाएगा।