सितम्बर 14, 2026 2:27 अपराह्न

printer

गृह मंत्री ने नवी मुंबई में राजभाषा गौरव और राजभाषा कीर्ति पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज महाराष्‍ट्र के नवी मुंबई में छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान राजभाषा गौरव और राजभाषा कीर्ति पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। श्री शाह कुछ ही देर में हिंदी दिवस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
 
दो दिन के अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से नवी मुंबई में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हिंदी और महाराष्ट्र की समृद्ध भाषाई, सांस्कृतिक तथा साहित्यिक परंपराओं के बीच संबंध को उजागर करना है।
 
सम्मेलन में विभिन्न संस्थानों, संगठनों, बैंकों और मंत्रालयों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस वर्ष सम्मेलन में राष्ट्रीय गीत-वंदे मातरम् पर विशेष चर्चा भी होगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित कई सांसद, विद्वान, साहित्यकार, शिक्षाविद और वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में उपस्थित हैं।