गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज कोल्हापुर में 14 हजार 45 करोड़ रुपये से अधिक की श्री अंबाबाई मंदिर विकास परियोजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि ऐतिहासिक शहर करवीर में स्थित श्री अंबाबाई मंदिर, देश भर के श्रद्धालुओं की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना से श्री अंबाबाई मंदिर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को भी संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने इस परियोजना के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और कोल्हापुर को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले बारह वर्षों में विकास, सांस्कृतिक पुनरुद्धार, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक मान्यता के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि ये वर्ष, देश के इतिहास में परिवर्तनकारी विकास के कालखंड के रूप में याद किए जाएंगे।
भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए, श्री शाह ने कहा कि देश भर में महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास और संरक्षण के लिए कई पहलें की गई हैं। उन्होंने कहा कि अंबाबाई मंदिर विकास परियोजना से न केवल तीर्थयात्रियों के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। श्री शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रभावी सीमा प्रबंधन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अवैध घुसपैठ को रोकने के प्रयास दृढ़ संकल्प के साथ जारी रहेंगे।