अरुणाचल प्रदेश के कीई पन्योर जिले के याजाली स्थित पोसा में मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। ताजा खबरों के अनुसार, चार लोग लापता हैं। 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।
कीई पन्योर की उपायुक्त श्वेता नागरकोटी मेहता के अनुसार, भूस्खलन के कारण प्रभावित क्षेत्र याजाली और होज-पोटिन दोनों तरफ से अभी भी संपर्क से बाहर है।
वहीं, पापुम पारे जिले में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सगाली के अपर जिलाधिकारी किपा राजा ने यात्रा परामर्श जारी किया है।
इसके अनुसार, सगाली से होज जंक्शन प्वाइंट के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-13 और पोटिन से डक्टे-होज ब्रिज प्वाइंट के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-713ए कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ के कारण पूरी तरह बंद हो गए हैं। सड़क बहाली और मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लेते रहने और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।