मौसम विभाग ने आज उत्तर पूर्वी भारत, पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्र, बिहार, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरलम और माहे के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि कल दक्षिण-पश्चिम मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
जम्मू-कश्मीर, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में बिजली और आंधी आने का अनुमान है। विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में दिन भर लू चलने की भी संभावना व्यक्त की है। अगले तीन से चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।
दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान दिन के दौरान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
केरलम के कासरगोड और कन्नूर जिलें में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य सात जिलों के लिए येलो अलर्ट है।
इस बीच, केरलम के दक्षिणी हिस्सों में आज बारिश में कमी आने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में 2 जुलाई तक मछली पकड़ने पर रोक लगाई गई है।