हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने आज पलवल स्थित लक्ष्मण अहलावत क्रिकेट अकादमी में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैत्री क्रिकेट श्रृंखला का उद्घाटन किया।
इस श्रृंखला में श्रीलंका और सरस्वती क्रिकेट अकादमी की अंडर-14 टीम हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह में श्री गौतम ने कहा कि इस मैत्री श्रृंखला से भारत और श्रीलंका के बीच खेल संबंध मजबूत होंगे। साथ ही, युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलेगा।
श्री गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई दिशा मिली है। युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी खेल नीति, प्रोत्साहन राशि और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मिशन ओलंपिक्स 2036 के तहत युवा खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
श्री गौतम ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रृंखला में भाग लेने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का अच्छा प्रदर्शन करेंगे।