पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि हरियाणा सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण और वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार के सुझावों पर सक्रियता से काम कर रही है। हरियाणा के मानेसर में आयोजित 77वें वन महोत्सव में श्री यादव ने गुरुग्राम को हरित शहर बनाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य में वायु गुणवत्ता की स्थिति की भी समीक्षा की और कहा कि हरियाणा सरकार ने उनके सुझावों पर ध्यान देते हुए उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने मिट्टी के संरक्षण और भूजल स्तर बनाए रखने के लिए घास के मैदानों तथा वनों के महत्व पर भी बल दिया और कहा कि इस दिशा में राज्य सरकार ने अच्छा कार्य किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभाने का अवसर है। उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष राज्य में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरावली को फिर से हरा-भरा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।