एच. एस. प्रणय और तन्वी शर्मा आज से दक्षिण कोरिया के जिननाम स्टेडियम में शुरू हो रहे कोरिया बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। इस टूर्नामेंट में देश के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा नहीं लिया है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी. वी. सिंधु, पुरुष डबल्स के स्टार खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी तथा लक्ष्य सेन इस प्रतियोगिता में नहीं खेलेंगे।
लक्ष्य सेन के हटने के बाद पुरुष सिंगल्स में एच. एस. प्रणय भारत के एकमात्र खिलाड़ी होंगे। प्रणय का पहला मुकाबला दक्षिण कोरिया के एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता यू ताए-बिन से होगा।
महिला सिंगल्स के मुख्य ड्रॉ में तन्वी शर्मा और अनमोल खरब भारत की चुनौती पेश करेंगी। पुरुष डबल्स में अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतादित्य राव डोड्डावरापु क्वालीफाइंग मुकाबलों में उतरेंगे। महिला डबल्स में रितिका ठाकेर और सोनाली सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, मिक्स्ड डबल्स के मुख्य ड्रॉ में ध्रुव रावत और मनीषा के. हिस्सा लेंगी।