वस्तु और सेवा कर – जीएसटी संग्रह में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सितंबर माह में कुल 14.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह दो लाख तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा। सितंबर 2025 में कुल जीएसटी राजस्व एक लाख 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक था। इस वर्ष सितंबर में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 37 हजार 772 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी संग्रह 45,363 करोड़ रुपये रहा। एकीकृत जीएसटी संग्रह 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।
घरेलू गतिविधियों से प्राप्त सकल जीएसटी राजस्व में दस प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई और यह लगभग एक लाख 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, आयात से प्राप्त संग्रह में लगभग 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 65,525 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।