अप्रैल 21, 2026 9:00 अपराह्न

printer

सरकार ने कहा, देशभर में दूध की खरीद, प्रसंस्करण और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है

सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद देशभर में दूध की खरीद, प्रसंस्करण और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। पशुपालन और डेयरी विभाग की निदेशक पूजा रस्तोगी ने कहा कि दूध तथा उसके उत्पादों की कीमतें स्थिर हैं और बाजार में कोई व्यवधान नहीं आया है और संकट की पूरी अवधि के दौरान दुग्ध उत्पादकों को भुगतान जारी रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और दुग्ध उत्पादन श्रृंखला में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं।

वहीं सरकार ने यह भी कहा है कि देश भर में घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य है और देश भर में किसी भी एलपीजी वितरक के यहां आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर नई दिल्ली में आयोजित अंतरमंत्रालयी संवाददाता सम्‍मेलन में बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों के बावजूद, सरकार ने घरेलू एलपीजी आपूर्ति को निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।

     पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा है कि पश्चिमी बंदरगाहों पर कंटेनरों के ठहराव के समय में 97 प्रतिशत की कमी से निर्यातकों को राहत मिली है। उन्होंने आगे कहा कि यार्ड में जहाजों की औसत संख्या भी 80 प्रतिशत से घटकर 60 प्रतिशत हो गई है, जो संघर्ष के दौरान जहाजरानी कंपनियों और निर्यातकों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है। श्री मंगल ने कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय जहाजों और उनके चालक दल पर सरकार द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रही है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की संयुक्त अरब अमीरात यात्रा और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की सऊदी अरब यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने खाड़ी क्षेत्र के देशों से भारत के संबंध बनाए रखे हैं। उन्होंने आगे कहा कि वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी खाड़ी देशों के वाणिज्य और उद्योग मंत्रियों  के साथ कई बैठकें की हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि इन समन्वित प्रयासों का उद्देश्य भारत और खाड़ी देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा,  प्रवासी भारतीयों के कल्याण और अन्य पारस्परिक हित के मुद्दों सहित प्रमुख साझा चिंताओं का समाधान करना है।

    विदेश मंत्रालय के अपर सचिव असीम महाजन ने कहा कि इराक में फंसे बारह भारतीय नाविक इराक के हवाई क्षेत्र के खुलने के बाद कल मुंबई पहुंचे। उन्होंने कहा कि बगदाद स्थित भारतीय दूतावासों ने उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की और भारत लौटने में सुविधा प्रदान की। उन्होंने आगे बताया कि सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं।

 एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड में कल हुई आग की घटना के संबंध में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए, सुश्री सुजाता शर्मा ने कहा कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आग की घटना की जांच के लिए एक टीम का गठन किया है और टीम घटना की जांच के लिए पहले ही राजस्थान के बाड़मेर पहुंच चुकी है