अप्रैल 22, 2026 7:45 अपराह्न

printer

सरकार देश में कर रही एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास

सरकार ने आज कहा कि देश में तेल और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ने देश में एलपीजी, प्राकृतिक गैस, पेट्रोल और डीजल की सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और कल 45 लाख से अधिक बुकिंग दर्ज की गईं जबकि लगभग 51 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि कल 8,000 टन से अधिक वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री हुई।
 
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग -डीपीआईआईटी की संयुक्त सचिव निधि केसरवानी ने भी पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार द्वारा उठाए गए उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन के तहत विभाग ने ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई गतिविधियां और सुविधा से जुड़े आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि संपीड़ित और प्राकृतिक गैस तथा बायोगैस के अंतर्गत वितरण केंद्रों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। सुश्री निधि ने यह भी बताया कि 467 आवेदनों में से 157 वितरण केंद्रों से संबंधित मामलों में अंतिम लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 41 बायोगैस सिलेंडर भरने और भंडारण संयंत्रों को भी मंजूरी दी गई है।
 
पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई भी घटना सामने नहीं आई है और फारस की खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय ध्वज वाला कच्चा तेल टैंकर ‘देश गरिमा’, जो 18 मार्च को 31 भारतीय नाविकों को लेकर सुरक्षित पार कर गया था, जिसके आज मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने अब तक 2600 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी हुई है। पिछले 24 घंटों में 25 नाविक सुरक्षित स्‍वदेश लौटे हैं।   
 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत हमेशा से शांति का समर्थक रहा है और पश्चिम एशिया में शांति तथा स्थिरता लाने वाली सभी पहलों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि भारत ने पहले हुए युद्धविराम का स्वागत किया है और आशा है कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए तनाव में कमी, संवाद और कूटनीति आवश्यक हैं।
 
विदेश मंत्रालय में अपर सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम महाजन ने कहा कि सरकार खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि समग्र उड़ान स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और ईरान का हवाई क्षेत्र मालवाहक तथा चार्टर्ड उड़ानों के लिए आंशिक रूप से खुला हुआ है। उन्होंने बताया कि गल्फ एयर बहरीन से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला