खाड़ी क्षेत्र में बदलती समुद्री सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पोत परिवहन महानिदेशालय ने संघर्ष प्रभावित जलक्षेत्र से गुजरने वाले भारतीय और विदेशी ध्वज वाले जहाजों पर कार्यरत सभी भारतीय नाविकों को अत्यधिक सावधानी और सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मंत्रालय ने पोत संचालकों, प्रबंधकों और कंपनियों को भी मौजूदा समुद्री सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने, स्थिति की पूरी जानकारी रखने और सरकार तथा सक्षम अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाहों पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा कि सरकार खाड़ी क्षेत्र में बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और प्रत्येक भारतीय नाविक की सुरक्षा और कुशलता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित मंत्रालय, एजेंसियां और विदेशों में स्थित मिशन जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए तालमेल के साथ काम कर रहे हैं।
मंत्रालय ने कहा कि नाविक कल्याण कोष समिति प्रभावित नाविकों और उनके परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर वित्तीय और अन्य सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। नाविक कल्याण कोष समिति को प्रत्येक मृत नाविक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। सभी हितधारकों को निर्देश दिया गया है कि वे भारतीय नाविकों से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पोत महानिदेशालय को दें ताकि तत्काल हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जा सके। भारतीय नाविकों और उनके परिवारों को सहायता देने के लिए समर्पित संचार चैनल और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली चौबीसों घंटे कार्यरत हैं।