जापान, भूटान, फिलीपींस, बेल्जियम, नेपाल, नाइजीरिया और बोत्सवाना सहित कई देशों के नेताओं ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 वर्ष की जनसेवा पूरी करने पर बधाई दी। श्री मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री चुने गए थे और 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने राज्य में लगातार तीन कार्यकाल पूरे किए।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने भारत के विकास और वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान में श्री मोदी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जापान और भारत की रणनीतिक दिशा एक जैसी है और उन्होंने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने तथा ‘मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत’ क्षेत्र के लिए काम करने की इच्छा जताई।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने श्री मोदी को “हमारे समय का अवतार” बताया और कहा कि उन्होंने भारतीयों में अधिक आत्मविश्वास और गर्व की भावना जगाई है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने श्री मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भी श्री मोदी को बधाई दी और भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया और लोकतंत्र में लगातार 25 वर्षों के नेतृत्व को एक दुर्लभ उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि नाइजीरिया भारत के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को महत्व देता है।
बोत्सवाना के राष्ट्रपति डुमा बोको ने भी श्री मोदी को बधाई दी, भारत के लोगों के प्रति उनके समर्पण और सेवा की सराहना की और दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता की उम्मीद जताई।