सितम्बर 10, 2026 2:26 अपराह्न

printer

वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज ने कहा- भारत में नई औद्योगिक क्रांति को घरेलू बाजार और निजी क्षेत्र से बढ़ावा मिल रहा है

वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज ने कहा है कि भारत में नई औद्योगिक क्रांति को बड़े घरेलू बाजार, निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और सरकार के निरंतर नीतिगत समर्थन से बढावा मिल रहा है। जेफरीज के अनुसार, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सौर ऊर्जा और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के वर्ष 2030 तक पांच गुना बढ़कर 40 से 45 अरब डॉलर होने का अनुमान है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में करीब 20 अरब डॉलर का निवेश हो चुका है। डेटा सेंटर की क्षमता पिछले पांच वर्षों में पांच गुना बढ़कर दो गीगावॉट से अधिक हो गई है। भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सौर फोटोवोल्टिक निर्माता भी है। जेफरीज ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में भी घरेलू विनिर्माण और वैश्विक कंपनियों के साथ भारत का जुड़ाव बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ती घरेलू क्षमता, निजी क्षेत्र की भागीदारी और सरकारी समर्थन से भारत की नई औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।