जीवाश्म ईंधन से होने वाले वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में इस वर्ष मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, वैज्ञानिकों का कहना है कि यह कमी जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए किए गए प्रयासों से नहीं, बल्कि ईरान युद्ध के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित होने से आई है।
वैश्विक कार्बन परियोजना के एक नए अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2026 में दुनिया भर में 42 अरब 20 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन हुआ। यह पिछले वर्ष की तुलना में शून्य दशमलव चार प्रतिशत कम है।
अर्थ सिस्टम साइंस डेटा डिस्कशन्स में प्रकाशित इस अध्ययन के अनुसार, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण तेल की खपत में कमी आई। इससे तेल से होने वाले उत्सर्जन में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि प्राकृतिक गैस से होने वाला उत्सर्जन शून्य दशमलव तीन प्रतिशत घटा, लेकिन कोयले से होने वाले उत्सर्जन में शून्य दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन, अमरीका, यूरोप और जापान में कार्बन उत्सर्जन में लगभग एक प्रतिशत की कमी आई है। वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि जीवाश्म ईंधन पर दुनिया की निर्भरता अब भी अधिक है, इसलिए उत्सर्जन में यह गिरावट स्थायी नहीं हो सकती।
वहीं, वनों की कटाई और भूमि उपयोग में बदलाव से होने वाले उत्सर्जन को शामिल करने पर कुल कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विशेषज्ञों ने वैश्विक कार्बन प्रदूषण कम करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा को तेजी से अपनाने और निरंतर प्रयास पर जोर दिया है।