विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार से 34,843 करोड़ रुपये की निकासी की है। यह लगातार दूसरा महीना है, जब विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में शुद्ध बिकवाली की है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, वैश्विक ब्याज दरों और भू-राजनीतिक तनावों को लेकर बनी चिंताओं के बीच विदेशी निवेशकों ने बाजार से पैसा निकाला। हालांकि, महीने के अंतिम कुछ कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशक शुद्ध खरीदार भी बने, जिससे बिकवाली के दबाव में कुछ कमी आने के संकेत मिले।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल शुद्ध निकासी में से 48 हजार 82 करोड़ रुपये की निकासी शेयर बाजारों में शेयरों की बिक्री के जरिए की गई। इसके उलट प्राथमिक बाजार के माध्यम से एफपीआई निवेश में सकारात्मक रुझान बना रहा और अक्टूबर में इस माध्यम से 13 हजार 239 करोड़ रुपये का निवेश आया। ऋण बाजार में अक्टूबर महीने के दौरान विदेशी निवेशकों ने 691 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया।