विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक-एफपीआई नवंबर के पहले सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध खरीदार बन गए हैं। डिपॉजिटरी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने घरेलू शेयर बाजार में 38 हजार 971 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे निवेश के रुझान में बदलाव आया है। कुल निवेश में से 38 हजार 519 करोड़ रुपये शेयर बाजार के जरिए और 452 करोड़ रुपये प्राथमिक बाजार में लगाए गए हैं।
वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के कारण एफपीआई का रुख बदला है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े निवेश और डेटा सेंटर पर खर्च में संभावित कमी को लेकर चिंताओं के कारण वैश्विक बाजार में बिकवाली हुई है। एआई कंपनियों के शेयरों में हालिया गिरावट से भारतीय शेयर बाजार विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक हुआ है।
इस बीच, नवंबर में अब तक ऋण बाजार में 4 हजार 319 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया है।