नवम्बर 10, 2026 1:26 अपराह्न

printer

मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश पर तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष ने चार पूर्व विधायकों के खिलाफ सुनवाई शुरू की

तमिलनाडु में मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के चार पूर्व विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाओं पर औपचारिक सुनवाई शुरू कर दी है।

ये याचिकाएं ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके महासचिव एडापड्डी के. पलनीसामी ने पूर्व विधायकों इसाक्की सुब्बैया, मरगथम कुमारवेल, जयकुमार और सत्यबामा के खिलाफ दायर की थीं। ये विधायक इस्तीफा देने के बाद दूसरी पार्टी में शामिल हो गए थे।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब पूर्व मंत्री एस.पी. वेलुमणि के नेतृत्व वाले गुट के ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के 25 विधायकों ने टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद पलनीसामी ने दल-बदल विरोधी कानून के तहत इन विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की।

बाद में पार्टी के दोनों गुटों के बीच समझौता होने के बाद 21 विधायकों के खिलाफ शिकायतें वापस लेने की मांग की गई। हालांकि, इस्तीफा दे चुके चार विधायकों के खिलाफ कार्यवाही लंबित रही। इसके बाद पलनीसामी ने मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया। न्यायालय ने विधानसभा अध्यक्ष को शिकायतों की जांच कर दो महीने के भीतर उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया।

अब विधानसभा अध्यक्ष ने चारों पूर्व विधायकों को नोटिस जारी कर सुनवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के वकील अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं।

मामले में अंतिम सुनवाई 17 नवंबर को निर्धारित है। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष अपना फैसला सुना सकते हैं। इस बीच, मरगथम कुमारवेल और सत्यबामा उपचुनाव जीतकर अब टीवीके विधायक के रूप में कार्यरत हैं।