जुलाई 25, 2026 3:40 अपराह्न | Flood situation

printer

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मरने वालों की संख्या 61 हुई; प्रधानमंत्री का हर संभव सहायता का आश्वारसन

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 11 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट हैं।

ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से संबंधित मामलों में 14 और लोगों की मौत हुई। इनमें चराइदेव में सात, शिवसागर में छह और जोरहाट में एक व्‍यक्ति की मृत्‍यु हुई। इनके साथ राज्य में बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 61 हो गई है।

प्रमुख नदियां दिखौ, दिसंग और धनसिरी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इससे ऊपरी असम में बाढ़ की स्थिति और भी गंभीर हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी हैं।

आपदा मोचन बल, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियां ​​राहत सामग्री उपलब्ध कराने, फंसे हुए लोगों को निकालने और बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने में लगी हुई हैं। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और प्रभावित जिलों में राहत उपायों को तेज कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से टेलीफोन पर बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने, राहत कार्यों की प्रगति और जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी मांगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

श्री सरमा ने कहा कि असम के लोग इस कठिन समय में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन और अटूट समर्थन के लिए उनके प्रति अत्यंत आभारी हैं।