जून 13, 2026 10:06 पूर्वाह्न

printer

रूस से तेल खरीदने के भारत के निर्णय का फिनलैंड ने किया समर्थन

फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनेन ने रूस से तेल खरीदने के भारत के निर्णय का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने पश्चिमी देशों की निर्धारित मूल्य सीमा का पालन किया है। फिनलैंड में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ एक बैठक में उन्होंने कहा कि यह मूल्य सीमा वैश्विक तेल आपूर्ति को बनाए रखने और रूस के मुनाफे को सीमित करने के लिए बनाई गई थी। इसका अर्थ है कि भारत ने ठीक वही किया जो निर्धारित था।

श्री जयशंकर ने यूरोपीय देशों की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि पश्चिमी प्रतिबंधों ने यूरोप को मध्य पूर्व से तेल खरीदने के लिए मजबूर किया, जिससे भारत को अन्य किफायती विकल्प तलाशने पड़े। उन्होंने नियमों में बदलाव के लिए अमरीका की आलोचना करते हुए कहा कि अमरीका ने पहले वैश्विक बाजारों को स्थिर करने के लिए भारत से रूस से तेल खरीदने का आग्रह किया था, लेकिन बाद में भारतीय आयात पर शुल्क लगा दिया।