केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आई.एम.एफ के उप प्रबंध निदेशक नाइजेल क्लार्क से मुलाकात की। वित्त मंत्रालय के अनुसार, बैठक के दौरान भारत और आईएमएफ के बीच संबंधों पर चर्चा हुई। इस दौरान आई.एम.एफ के ‘दक्षिण एशिया क्षेत्रीय प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता केंद्र’ को मजबूत करने में भारत की भूमिका की सराहना की गई। दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने, मजबूत नीतियों का समर्थन करने और क्षेत्रीय व वैश्विक आर्थिक स्थिरता में योगदान देने के लिए भारत-आई.एम.एफ के बीच निरंतर जुड़ाव के महत्व पर विशेष जोर दिया।बैठक में भारत और वैश्विक अर्थव्यवस्था के परिदृश्य पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें देश की विकास दर, वैश्विक आर्थिक माहौल में हो रहे बदलावों के असर, भारत के व्यापार एजेंडे और हाल ही में हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौतों पर चर्चा शामिल रही। आई.एम.एफ के उप प्रबंध निदेशक श्री क्लार्क ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत के शानदार आर्थिक प्रदर्शन, मजबूती और विकास के ट्रैक रिकॉर्ड की सराहना की। उन्होंने राजकोषीय सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार के प्रयासों और पश्चिम एशिया संकट के बाद किए गए राहत उपायों की भी प्रशंसा की।
News On AIR | सितम्बर 7, 2026 6:35 अपराह्न
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आई.एम.एफ के उप प्रबंध निदेशक नाइजेल क्लार्क से मुलाकात की