मध्य प्रदेश में मूंग की खरीद को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया है। कल रात हुई बैठक में सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच समझौता होने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ। राज्य के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने कहा कि अब प्रत्येक पात्र किसान से 60 प्रतिशत तक मूंग की खरीद की जाएगी। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह मात्रा प्रति एकड़ लगभग तीन क्विंटल होगी।
सरकार ने मूंग की खरीद के लिए स्लॉट बुकिंग की तारीख 10 अगस्त तक बढ़ा दी है। खरीद की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है। यह निर्णय किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बीच, उर्वरक वितरण के लिए ई-टोकन प्रणाली से संबंधित समस्याओं की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।