यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लॉयेन ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय-आईसीसी के दो अधिकारियों पर अमरीका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बाद आईसीसी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। यह कदम अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा कल आईसीसी की अध्यक्ष न्यायाधीश तोमोको अकाने और वरिष्ठ वकील अब्दौले सेये के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा के बाद उठाया गया है। विदेश मंत्री रुबियो ने न्यायालय पर भ्रष्टाचार और राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर काम कर रहा है। ये दोनों अधिकारी गजा संघर्ष के दौरान इस्राएल द्वारा किए गए कथित युद्ध अपराधों की जांच में शामिल थे।
सुश्री उर्सुला फॉन डेर लॉयेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी आईसीसी के साथ एकजुटता व्यक्त की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि न्यायालय गंभीर अंतरराष्ट्रीय अपराधों के पीड़ितों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अमरीका के प्रतिबंधों के बाद जापान ने आईसीसी विशेष रूप से जापानी नागरिक और न्यायालय की अध्यक्ष तोमोको अकाने का समर्थन किया। इस प्रतिबंध से व्यापक स्तर पर यूरोप की प्रतिक्रिया देखने को मिली। नीदरलैंड्स ने प्रतिबंधों का विरोध किया, जबकि जर्मनी ने भी आईसीसी के प्रति अपना समर्थन दोहराया।