अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने कहा है कि यूरोप के पास केवल छह सप्ताह का जेट ईंधन बचा है। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति अवरुद्ध रहने की स्थिति में उड़ान रद्द होने की संभावना की चेतावनी दी है। एक अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में, एजेंसी के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से तेल, गैस और अन्य आवश्यक आपूर्तियों के अवरुद्ध होने के कारण उत्पन्न स्थिति को विश्व का अब तक का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट बताया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इस संघर्ष का व्यापक प्रभाव पड़ेगा और यह जितना लंबा चलेगा, विश्व भर में आर्थिक विकास और मुद्रास्फीति उतनी अधिक प्रभावित होगी। एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि इसका असर पेट्रोल, गैस और बिजली की कीमतों में वृद्धि के रूप में भी दिखेगा। उन्होंने कहा कि विश्व के कुछ हिस्से दूसरों की तुलना में अधिक प्रभावित होंगे।
News On AIR | अप्रैल 16, 2026 6:02 अपराह्न
यूरोप के पास केवल 6 सप्ताह का जेट ईंधन बचा है: अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी