अक्टूबर 9, 2026 9:53 अपराह्न

printer

एस्टोनिया ने भारतीय आईटी पेशेवरों को ई-रेजिडेंसी कार्यक्रम के जरिए यूरोप में व्यावसायिक अवसर तलाशने के लिए किया आमंत्रित

एस्टोनिया ने भारतीय आईटी पेशेवरों और प्रौद्योगिकी कंपनियों को अपने ई-रेजिडेंसी कार्यक्रम के माध्यम से यूरोप में व्यावसायिक अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित किया है। एस्‍टोनिया की न्याय और डिजिटल मामलों की मंत्री लीज़ा पाकोस्टा ने कहा कि भारतीय प्रतिभाओं का हार्दिक स्वागत है।

आज नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दौरान मीडिया से बातचीत में पकोस्ता ने एस्टोनिया की ई-रेजिडेंसी पहल का उल्‍लेख किया। यह पहल उद्यमियों को एस्टोनिया स्थानांतरित हुए बिना यूरोपीय संघ में डिजिटल रूप से कंपनियां स्थापित करने की सुविधा प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता विशेष रूप से डिजिटल सेवा क्षेत्र में सहयोग को और बढ़ा सकता है।

एस्टोनियाई मंत्री ने भारत की तकनीकी विशेषज्ञता और मजबूत अनुसंधान तथा विकास प्रणाली की भी प्रशंसा की और नवीन समाधान विकसित करने के लिए भारतीय कंपनियों और पेशेवरों के साथ साझेदारी करने में अपने देश की रुचि व्यक्त की।

लीज़ा पाकोस्टा ने कहा कि एस्टोनिया उभरती साइबर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत की अनुसंधान तथा विकास क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए उत्सुक है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला