अक्टूबर 22, 2026 4:44 अपराह्न

printer

शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के लिए पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया

शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के लिए पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। इसका विषय ‘तिरुक्कुरल पायिलवोम’ – आइए तिरुक्कुरल सीखें है। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह कार्यक्रम दो प्राचीन शिक्षा केंद्रों तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाएगा। इससे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बल मिलेगा।

इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि कई लोग अपनी धार्मिक परंपराओं के अतंर्गत काशी और रामेश्वरम की यात्रा करते हैं। यह भारत के उत्तरी और दक्षिणी भागों के बीच प्रगाढ सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, पेशेवर, किसान, कलाकार, महिलाएं और आध्यात्मिक विद्वान एक मंच पर आएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्रों को काशी तमिल संगमम के उद्देश्यों से परिचित कराया जाएगा। श्री जोशी ने कहा कि काशी तमिल संगमम् ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और भारत की साझा विरासत का उत्सव मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इससे पहले श्री जोशी ने कहा कि इस आयोजन में सात श्रेणियों में एक हजार चार सौ से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना के माध्यम से तमिलनाडु और काशी के बीच शाश्वत सभ्यतागत बंधन लगातार मजबूत हो रहा है।

पांचवें संस्करण का उद्देश्य देश भर के युवाओं और शिक्षार्थियों को शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल के शाश्वत नैतिक और आध्यात्मिक ज्ञान से परिचित कराना है।