प्रवर्तन निदेशालय – ईडी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर तथा दिल्ली में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में दस परिसरों पर तलाशी ली है।
निदेशालय ने बताया कि ये तलाशी धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत की गई है।
निदेशालय ने आगे कहा कि यह जांच सरकारी ठेकों की धनराशि को निजी ठेकेदारों के माध्यम से कथित रूप से गबन करने और विश्वविद्यालय या ट्रस्ट के लिए संपत्ति निर्माण सहित अन्य कार्यों में उसके उपयोग से संबंधित है।
एजेंसी ने बताया कि उसकी जांच में कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ है। यह भी पाया गया कि कुछ ठेकेदारों ने बड़ी मात्रा में दान और निर्माण कार्यों के माध्यम से ट्रस्ट या विश्वविद्यालय को धनराशि हस्तांतरित की।
प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि तलाशी का उद्देश्य सरकारी धनराशि के गबन और उपयोग से संबंधित वित्तीय अभिलेखों, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को बरामद करना था।