मजबूत घरेलू मांग और निवेश के समर्थन से वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था में 7.3 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। वित्त मंत्रालय की सितंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि के बाद अर्थव्यवस्था ने दूसरी तिमाही में मजबूती से प्रवेश किया।
हालांकि, समीक्षा में चेतावनी भी दी गई है कि भू-राजनीतिक ध्रुवीकरण और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान बढ़ने के कारण भारत की वृद्धि दर प्रभावित भी हो सकती है। तेल की ऊंची कीमतें, वैश्विक वित्तीय स्थितियों में सख्ती और व्यापार अनिश्चितता वृद्धि की गति को बनाए रखने में चुनौतियां पेश करती हैं।
मंत्रालय ने कहा कि तेल की कीमतों में तेज वृद्धि और वैश्विक बॉन्ड यील्ड में गिरावट से बाहरी माहौल बिगड़ने के कारण देश की मुद्रा और पूंजी प्रवाह पर नया दबाव पड़ रहा है। विकसित अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ती ब्याज दरें निवेशकों को घरेलू बाजारों में धन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करके सीमा पार पूंजी प्रवाह को धीमा कर सकती हैं। समीक्षा के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बुनियादी ढांचा और विनिर्माण क्षमता में सुधार के लिए पूंजी जुटाने के कारण निवेश के लिए प्रतिस्पर्धा भी तेज हो रही है। अमरीका के साथ व्यापार संबंधों को लेकर अनिश्चितता, टैरिफ दबाव और कच्चे तेल की कीमतें भारत के प्रति निवेशकों के विश्वास पर लगातार नकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं।