रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डी.आर.डी.ओ ने आज ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज में पिनाका, लंबी दूरी तक वार करने वाले रॉकेट- एल.आर.जी.आर का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रॉकेट का परीक्षण उपयोगकर्ता द्वारा निर्धारित न्यूनतम 60 किलोमीटर की दूरी के लिए किया गया।
पिनाका एल.आर.जी.आर को आयुध अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान ने उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला के सहयोग से डिजाइन किया है। इसे रक्षा अनुसंधान तथा विकास प्रयोगशाला और इमारत अनुसंधान केंद्र का भी पूरा समर्थन प्राप्त है। इस रॉकेट को सेना में पहले से शामिल पिनाका लॉन्चर से प्रक्षेपित किया गया, जिससे यह प्रमाणित हुआ है कि एक ही लॉन्चर से विभिन्न श्रेणियों के पिनाका रॉकेटों को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया जा सकता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिनाका एल.आर.जी.आर के सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और उद्योग जगत को बधाई दी है। श्री सिंह ने इसे लंबी दूरी तक वार करने वाले रॉकेटों के स्वदेशी डिजाइन और विकास क्षमता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।