घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज करीब 1.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके साथ ही बाजार में लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी उछाल देखा गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,233 अंकों की तेजी के साथ 75 हजार 693 पर पहुंच गया।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 388 अंक बढ़कर 23 हजार 441 के स्तर पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के व्यापक बाजार में मिडकैप इंडेक्स आज 1.2 प्रतिशत ऊपर चढ़ गया, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक में 0.7 प्रतिशत का उछाल आया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 23 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में रिलायंस के शेयर सबसे ज्यादा 11.6 प्रतिशत, टाटा स्टील के शेयर 5.6 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट तथा एसबीआई के शेयर 2.7 प्रतिशत के लाभ में रहे।
इसके विपरीत, इन्फोसिस के शेयरों में 1.6 प्रतिशत, कोटक महिन्द्रा बैंक के शेयरों में 0.7 प्रतिशत और आईसीआईसी तथा सन फॉर्मा के शेयरों में 0.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई।