प्रमुख औद्योगिक देशों के समूह -जी-7 शिखर सम्मेलन में आज अमरीका के सहयोगी देशों ने चार साल से अधिक समय से चल रहे यूक्रेन युद्ध को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एजेंडे में फिर से प्राथमिकता दिलाने के लिए काम किया। मेजबान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि वे श्री ट्रम्प को यूक्रेन का समर्थन जारी रखने और शांति समझौते तक पहुंचने में मदद के लिए रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए मनाने का प्रयास करेंगे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व में अमरीका द्वारा यूक्रेन को दी जाने वाली सहायता में कटौती के बाद, फ्रांस और उसके यूरोपीय सहयोगी अब यूक्रेन को सैन्य और वित्तीय सहायता प्रदान करने वाले सबसे बड़े देश हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की भी सवेरे की कार्य बैठक में जी-7 नेताओं के साथ शामिल हुए, लेकिन वार्ता केवल 75 मिनट के लिए ही हुई और जल्दी समाप्त हो गई।
यूक्रेन वार्ता, अमरीका द्वारा ईरान के खिलाफ साढ़े तीन महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के समझौते की घोषणा के तुरंत बाद हुई। श्री ट्रम्प ने कहा कि वह ज़ेलेंस्की के साथ व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अब यूक्रेन पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध के अमरीका पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करके आंका, लेकिन मृतकों की संख्या पर दुख व्यक्त किया।