नवम्बर 12, 2026 4:24 अपराह्न

printer

पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद ओपेक और उसके सहयोगी देशों ने कच्चे तेल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की

पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अनिश्चितता बनी रहने के बावजूद, पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन- ओपेक और उसके सहयोगी देशों ने अक्टूबर में कच्चे तेल के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। इसमें सऊदी अरब की प्रमुख भूमिका रही।
 
ओपेक की नवंबर की मासिक तेल बाजार रिपोर्ट के अनुसार, सहयोग घोषणा- डीओसी में शामिल ओपेक सदस्य और सहयोगी तेल उत्पादक देशों का कच्चे तेल का उत्पादन अक्टूबर में पिछले महीने की तुलना में प्रतिदिन 20 लाख बैरल से अधिक बढ़कर औसतन लगभग चार करोड़ 12 लाख 30 हजार बैरल हो गया।
 
ओपेक ने वर्ष 2027 में वैश्विक तेल मांग में प्रतिदिन लगभग 26 लाख बैरल की वृद्धि का अपना अनुमान बरकरार रखा है। यह वर्ष 2026 के लिए अनुमानित लगभग दो लाख बैरल प्रतिदिन की मामूली वृद्धि से काफी अधिक है।
 
रिपोर्ट के अनुसार, इस वृद्धि में मुख्य योगदान आर्थिक सहयोग और विकास संगठन- ओईसीडी से बाहर की अर्थव्यवस्थाओं का रहेगा। इन देशों में वर्ष 2027 के दौरान तेल की मांग प्रतिदिन लगभग 20 लाख बैरल बढ़ने का अनुमान है, जबकि ओईसीडी देशों में यह वृद्धि करीब पांच लाख बैरल प्रतिदिन रहने की संभावना है।