वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत में बुनियादी अर्थव्यवस्था मजबूत और निर्यात में जबर्दस्त वृद्धि बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अप्रैल के बाद मई माह में भी निर्यात वृद्धि जारी रही, जो वैश्विक प्रतिकूलताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन को दर्शाती है। नई दिल्ली में आज श्री गोयल ने कहा कि सरकार ने किसानों को बढ़ती लागत से बचाने के लिए उर्वरकों की बढ़ी कीमतों का बोझ स्वयं वहन किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भरता और विश्व के साथ समान भागीदारी की दिशा में भारत की यात्रा नौ मुक्त व्यापार समझौतों और प्रधानमंत्री की पांच देशों की सफल यात्रा में परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि सरकार भव्य योजना के माध्यम से कारोबारी सुगमता के लिए देश भर में 100 औद्योगिक पार्क स्थापित करेगी। श्री गोयल ने कहा कि 33 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक के आवंटन वाली भारत औद्योगिक विकास योजना के अंतर्गत प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे।