रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का डिजाइन तैयार हो गया है और इसके निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। श्री वैष्णव ने आज बेंगलुरु में बीईएमएल में हाई स्पीड ट्रेन के मॉडल और विभिन्न प्रणालियों का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन का पहला प्रोटोटाइप अगले साल की शुरुआत में तैयार हो सकता है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और भविष्य के अन्य कॉरिडोर के लिए बनाई जा रही स्वदेशी हाई स्पीड ट्रेन बी-28 ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल कर लिया है। रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि बीईएमएल के नेतृत्व वाले समूह द्वारा विकसित हाई स्पीड ट्रेन बी-28 सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरेगी।