जुलाई 10, 2026 6:12 अपराह्न | Delhi Police

printer

दिल्ली पुलिस ने नकली दवाओं के निर्माण और अंतरराज्यीय आपूर्ति से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया

दिल्ली पुलिस अपराध शाखा की साइबर सेल ने नकली दवाओं के निर्माण और अंतरराज्यीय आपूर्ति से जुड़े एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल दस आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिष्ठित दवा कंपनियों की नकली दवाएं तैयार कर उन्हें जाली पैकेजिंग, लेबल और ट्रेडमार्क के जरिए असली उत्पाद के रूप में बाजार में बेचते थे। पुलिस के अनुसार, ये दवाएं बाजार मूल्य से लगभग 60 प्रतिशत कम कीमत पर थोक और खुदरा विक्रेताओं को उपलब्ध कराई जाती थीं, जिससे गिरोह ने कई राज्यों में अपना नेटवर्क फैला लिया था। पुलिस ने बताया कि यह अवैध कारोबार न केवल दवा कंपनियों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली नकली दवाओं के कारण लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर रहा था। अपराध शाखा ने कहा है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, कच्चे माल और नकली पैकेजिंग उपलब्ध कराने वालों, वितरकों तथा वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है, ताकि पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।