डाक विभाग के अखिल भारतीय कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्ली में कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने डाक सेवाओं में बदलाव के साथ-साथ कर्मचारियों, कर्मचारी संगठनों और पेंशनधारकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया पोस्ट को नया रूप देने के लिए सरकार की तारीफ़ की और इसे आधुनिक, नागरिक-केंद्रित सेवा नेटवर्क में बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इन बदलावों ने इंडिया पोस्ट की भूमिका को काफ़ी बढ़ा दिया है और देश भर के लोगों के लिए व्यापक नागरिक-केंद्रित सेवाएं सुलभ कराई हैं।
इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि इंडिया पोस्ट का बदलाव डाकिए की बदलती भूमिका में नजर आता है, जो आज बैंकिंग और अन्य ज़रूरी सेवाओं को लोगों तक सीधे पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का देशभर में विशाल नेटवर्क बहुमूल्य सार्वजनिक-सेवा संपत्ति है और इसका इस्तेमाल सरकारी कार्यक्रम, नागरिक संपर्क और दूरदराज तक वितरण के लिए और अधिक बड़े पैमाने पर किया जा सकता है।