रक्षा मंत्रालय ने मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही उन खबरों का खंडन किया है जिनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान छह सैनिकों की शहादत को हाल ही में सार्वजनिक रूप से स्वीकार किये जाने को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि जल्द से जल्द शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी। मंत्रालय ने बताया कि तत्कालीन सैन्य संचालन महानिदेशक ने पिछले वर्ष 11 मई को आधिकारिक प्रेस वार्ता में छह शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी। इन सैनिकों को वीरता पुरस्कार भी प्रदान किए गए थे, जिनकी घोषणा पिछले वर्ष 14 अगस्त को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में की गई थी। मंत्रालय ने कहा कि सेना के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई थी।
मंत्रालय ने कहा है कि शहीद सैनिकों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित किए गए हैं और इस संबंध में उचित प्रक्रिया का पालन न किये जाने का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है।