अगस्त 19, 2026 3:24 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने, रणनीतिक विश्वास और सहयोग बढ़ाने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दोनों मंत्री ‘मेक इन इंडिया’ ढांचे के तहत समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक रोडमैप तैयार करने का अवसर प्रदान करती है।
 
भारत की अपनी पहली यात्रा पर, शिंजीरो कोइज़ुमी ने आज मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया, जहां उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल संजय वत्सयान के साथ चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।
 
भारत और जापान एक स्वतंत्र, खुले, लचीले और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए एक साझा दृष्टिकोण रखते हैं।