रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक युद्ध और वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था में हो रहे बड़े बदलावों के बीच भारत अपने पड़ोस और उससे परे के घटनाक्रमों और उनके रणनीतिक प्रभाव पर बारीकी से नजर रख रहा है। जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर तरंग शक्ति 2026 अभ्यास को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के मार्गदर्शन में भारतीय सशस्त्र बल अपनी संरचना, क्षमताओं और रणनीतिक दृष्टिकोण में मौलिक परिवर्तन से गुजर रहे हैं।
वायु सेना स्टेशन पर हवाई प्रदर्शन देखने के बाद रक्षा मंत्री ने कहा कि स्थापित विश्व व्यवस्था तेजी से बदल रही है, जबकि उभरती वैश्विक व्यवस्था का स्वरूप अनिश्चित बना हुआ है। श्री सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ देश को विश्व से अलग-थलग करना नहीं है। बल्कि, इसमें महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियों के डिजाइन, विकास, निर्माण, रखरखाव और उन्नयन के लिए घरेलू क्षमताओं का निर्माण करना शामिल है।