होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोलने के लिए अमरीका और ईरान के बीच जारी बातचीत में प्रगति की घोषणा के बाद तेल की कीमतें तीन सप्ताह के निचले स्तर पर आ गईं। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान कम होने की संभावना बढ़ी है।
अंतर्राष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल लगभग 5 प्रतिशत गिरकर 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। अमरीकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 5 प्रतिशत से अधिक गिरकर लगभग 76 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ओमान से संबंधित बातचीत में प्रगति हुई है। श्री बेसेंट ने कहा कि समझौता शीघ्र हो सकता है।
हालांकि, ईरान ने अमरीका के साथ सीधे बातचीत से इनकार किया है। ईरान ने कहा कि इस बातचीत में मध्यस्थ के रूप में ओमान से वार्ता जारी है। कतर ने कहा कि राजनयिक प्रयास जारी है, लेकिन अमरीका और ईरान के बीच कोई सीधी बातचीत की योजना नहीं है।