केन्द्रीय कोयला और खान मंत्री जी.किशन रेड्डी ने कहा कि आत्मनिर्भरता के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण खनिज निर्णायक भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलते भू-राजनीतिक, जलवायु परिवर्तन और आर्थिक सुरक्षा के परिदृश्य में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका अहम हो चुकी है। हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अन्वेषण लाइसेंस की नीलामी के दूसरे दौर और महत्वपूर्ण तथा रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी के सातवें दौर के लिए एक रोड शो को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक देश का भविष्य अब महत्वपूर्ण खनिजों पर निर्भर है। श्री रेड्डी ने कहा कि अब तक छठे दौर में 46 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है। सातवें दौर में 19 ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 24 महत्वपूर्ण खनिजों पर आयात शुल्क पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। तेलंगाना में दो वैनेडियम और टाइटेनियम ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार है। केन्द्र सरकार ऑस्ट्रेलिया और अर्जेटीना जैसे देशों में खनिज संसाधनों को भी तलाश रही है।
श्री रेड्डी ने खनिज क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने के लिए हितधारकों से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य में प्रत्येक व्यक्ति को योगदान करना चाहिए।