कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी आज नई दिल्ली में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज खंडों की नीलामी के आठवें चरण की शुरुआत करेंगे। खान मंत्रालय ने बताया है कि इसमें नौ राज्यों के 20 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज खंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 13 नए चिन्हित खण्ड और दूसरे प्रयास में पेश किए जा रहे 7 खण्ड शामिल हैं। खनिज पोर्टफोलियो में मोलिब्डेनम, ग्रेफाइट, ग्लौकोनाइट, दुर्लभ पृथ्वी तत्व, टाइटेनियम, टंगस्टन, पोटाश, लिथियम, सीज़ियम और रुबिडियम शामिल हैं। ये खनिज स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, उर्वरक, रक्षा और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
नीलामी के सात चरण पूरे होने के साथ, मंत्रालय ने 88 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज खण्डों में से 56 की सफलतापूर्वक नीलामी की है। इससे सफलता दर 63 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि नीलामी के लगातार दौरों में उद्योग की मजबूत प्रतिक्रिया सरकार के पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और बाजार-संचालित नीलामी ढांचे में निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा कि खनिज क्षेत्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिसमें 212 खनिज खण्डों की सफलतापूर्वक नीलामी हुई है। यह नीलामी प्रणाली की शुरुआत के बाद से किसी भी वित्तीय वर्ष में सबसे अधिक है। इसमें 22 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज खण्ड शामिल हैं।