पत्रकारों की सुरक्षा समिति-सी.पी.जे ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से पत्रकारों के खिलाफ राजनीतिक बदले की कार्रवाई रोकने और मीडिया की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
न्यूयॉर्क स्थित इस मीडिया अधिकार संगठन ने सरकार के पहले सौ दिन पूरे होने पर जारी रिपोर्ट में कहा कि बांग्लादेश की पिछली सरकारों ने उन पत्रकारों के खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की, जिन्हें विरोधी राजनीतिक दलों का समर्थक माना जाता था। सी.पी.जे के एशिया-प्रशांत कार्यक्रम समन्वयक कुनाल मजूमदार ने कहा कि नई सरकार ने बदलाव का वादा किया था, लेकिन मीडिया की आजादी के मामले में अब तक बहुत कम प्रगति हुई है। उन्होंने सरकार से जेल में बंद पत्रकारों को रिहा करने, राजनीतिक कारणों से दर्ज मामलों को वापस लेने तथा पत्रकारों को हिंसा व धमकियों से बचाने की मांग की।