संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5G यूज केस लैब्स कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत में ही आधुनिक और सुरक्षित नेटवर्क तकनीक विकसित करने के लिए सरकार, उद्योग जगत और अन्य संस्थानों को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि इन तकनीकों पर दुनिया भर में भरोसा किया जा सके।
मंत्री ने नेटवर्क और मोबाइल सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने वाले दूरसंचार विभाग के अधिकारियों की भी सराहना की।
एक दिवसीय कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नेटवर्क, 5G तकनीक के विभिन्न उपयोग, 6G स्पेक्ट्रम की योजना, वैश्विक मानकों और उद्योगों तथा शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
संचार मंत्रालय के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य स्वदेशी तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देना तथा दूरसंचार क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को नए अवसर उपलब्ध कराना है।