भारतीय भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने आज ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम भार उठाकर कुल 199 किलोग्राम का भार हासिल किया। नाइजीरिया की ओनोम ओमोलोला दिदिह ने कॉमनवेल्थ गेम्स के रिकॉर्ड 206 किलोग्राम भार के साथ स्वर्ण पदक जीता।
एक अन्य भारतीय भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक बिंद्यारानी ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 112 किलोग्राम भार उठाकर कुल 199 किलोग्राम का भार हासिल किया। नाइजीरिया की रफियातु फोलशादे ने 229 किलोग्राम के कुल भार के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो खेलों का रिकॉर्ड है, जबकि कनाडा की ऐन सोफी ताशेरो ने 215 किलोग्राम के कुल भार के साथ रजत पदक हासिल किया।
इससे पहले, भारत की भारोत्तोलन क्वीन मीराबाई चानू ने खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में 190 किलोग्राम के रिकॉर्ड भार के साथ दबदबा बनाया। इस जीत के साथ ही उन्होंने 2018 और 2022 में अपनी जीत के बाद लगातार तीसरा राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीता। भारत के पदकों की संख्या अब छह हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।