सितम्बर 28, 2026 9:49 अपराह्न

printer

कल अमरीका की यात्रा पर रवाना होंगे वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से पांच अक्‍टूबर तक अमरीका की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे इस बुधवार से शुरू होने वाली दो दिन की जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। बैठक से इतर श्री गोयल अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में किसानों, मछुआरों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप, सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम के लिए अवसर बढ़ाने पर चर्चा होगी।

श्री गोयल अमरीका के वाणिज्य मंत्री के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसमें भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को संतुलित और दोनों देशों के लिए लाभकारी बनाने तथा अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयासों पर चर्चा होगी। इस यात्रा से भारत और अमरीका के बीच व्यापार और निवेश संबंध और मजबूत होंगे तथा जी-20 साझेदारों के साथ भारत का जुड़ाव और प्रगाढ़ होगा।

श्री गोयल विनिर्माण, उपभोक्ता वस्तु, कृषि कारोबार, खुदरा और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख अमरीकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। वे कारोबारियों, स्टार्टअप और नवोन्मेषी कंपनियों के साथ परिचर्चा में भाग लेंगे।

यात्रा के दौरान श्री गोयल महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे भारतीय समुदाय से जुड़े पेशेवर संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला