उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं और नीतियों को लागू करने में सिविल सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आज नई दिल्ली में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि योजनाएं भले राजधानी दिल्ली में बनाई जाएं लेकिन दूरदराज के गांवों में सार्थक परिणाम तभी मिलते हैं जब उन्हें सही मायने में लागू किया जाता है। सरदार वल्लभभाई पटेल को अखिल भारतीय सेवाओं का सूत्रधार बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरदार पटेल ने सेवा और एकता की भावना से राष्ट्र को एकजुट किया।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की पहलों ने ही देश को उपनिवेश से विकसित भारत तक का सफर तय करने में सक्षम बनाया है। सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए श्री राधाकृष्णन ने कहा कि आज का भारत बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक मंच पर गौरवपूर्ण स्थान रखता है।
केंद्रीय कार्मिक और लोक शिकायत राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शासन में एक क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश नागरिक केंद्रित शासन की ओर अग्रसर हुआ है।