अप्रैल 12, 2026 1:53 अपराह्न

printer

चीन ने ताइवान के साथ अपने स्‍थगित संबंधों को फिर से शुरू करने की घोषणा की

चीन ने ताइवान के साथ अपने कुछ स्‍थगित संबंधों को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। इनमें चीन के कई शहरों के लिए सीधी उड़ानें और ताइवान के मत्स्य उत्पादों का आयात शामिल हैं। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अनुसार, ताईवान की कुओमिनतांग पार्टी के साथ नियमित संवाद की संभावना भी तलाश की जाएगी।

यह घोषणा शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग के साथ कुओमिनतांग नेता चेंग ली-वुन की बैठक के बाद हुई। दोनों पक्षों ने शांति की अपील की, हालांकि बातचीत का विवरण साझा नहीं किया गया।

वर्ष 2016 में, ताइवान में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की त्साई इंग-वेन राष्ट्रपति चुनी गईं थीं। तब से दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं। उस समय चीन ने ताइवान सरकार के साथ अधिकांश बातचीत स्‍थगित कर दी थी और ताइवान के आसपास अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ा दी थी।