नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने आज कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल मैथ्यू बकली के साथ बातचीत की। दोनों अधिकारियों ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच समुद्री सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। भारतीय नौसेना के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी नौसैनिक सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और नौसेनाओं के बीच बेहतर तालमेल तथा संयुक्त अभियानों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। इसमें 2027 में प्रस्तावित कई संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी शामिल हैं।
एडमिरल स्वामीनाथन ने ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के प्रमुख एडमिरल मार्क हैमंड से भी मुलाकात की। दोनों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा साझेदारी को मजबूत करने, समुद्री सुरक्षा सहयोग रोडमैप को लागू करने और समुद्री क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।